छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अगले चरण को स्थगित कर दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 के अगले चरण को स्थगित कर दिया है। आयोग के नोटिफिकेशन के अनुसार, 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक होने वाला दस्तावेज जांच और इंटरव्यू अब तय समय पर नहीं होंगे। आयोग ने तारीखें टालने की वजह नहीं बताई है। नई तारीख बाद में जारी की जाएगी।

राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 विभागों में 265 पदों पर भर्ती होनी है। मुख्य परीक्षा के रिजल्ट के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक, 20 सितंबर से अभ्यर्थियों के दस्तावेज जांचने का काम शुरू होना था। इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर इंटरव्यू होने थे।

दरअसल, मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठे थे। 265 पदों के लिए 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चुना गया था। इसे लेकर कांग्रेस ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। पार्टी ने रिजल्ट की स्थिति साफ करने और इंटरव्यू टालने की मांग की थी।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि PSC ने 265 पदों के लिए भर्ती निकाली थी। 1:3 के अनुपात के हिसाब से 795 कैंडिडेट्स को इंटरव्यू के लिए चयनित किया जाना चाहिए था, लेकिन सिर्फ 608 अभ्यर्थी ही इंटरव्यू तक पहुंचे।

आयोग का तर्क है कि 187 अभ्यर्थी न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर पाए। भूपेश ने कहा था कि आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर ये अभ्यर्थी न्यूनतम अंक क्यों नहीं ला सके।

आयोग ने बताई कम चयन की वजह

हालांकि, आयोग पहले ही साफ कर चुका है कि कम संख्या में अभ्यर्थियों के चयन की वजह कोई तकनीकी या मानवीय गलती नहीं है। आयोग के मुताबिक, कई अभ्यर्थी हर प्रश्नपत्र में तय न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर पाए थे। इसी वजह से तय अनुपात के हिसाब से अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो सका।

नई तारीख का इंतजार

इंटरव्यू टलने के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार करना होगा। आयोग ने कहा है कि दस्तावेज जांच और इंटरव्यू की नई तारीख बाद में जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है। नई तारीख जारी होने के बाद आगे की प्रक्रिया उसी के अनुसार होगी।

Exit mobile version