
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुरुदाडीह में पूरे परिवार के साथ मां लक्ष्मी की पूजा की। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा में पूजा-पाठ के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्नी कौशल्या साय के साथ बगिया निवास में दीप जलाकर दीपावली मनाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि दीपावली का पर्व अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और अंधकार पर प्रकाश की जीत का संदेश देता है।
यह पर्व हमें सद्भावना, सकारात्मकता और सभी के कल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की कृपा से हर घर में सुख का उजाला फैले और सभी को अच्छा स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि मिले।
भूपेश ने परिवार के साथ की पूजा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कुरुदाडीह में परिवार के साथ मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की।
उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि मां लक्ष्मी की कृपा सभी पर बनी रहे और हर किसी को सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मिले।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने परिवार के साथ मनाई दीपावली
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दीपावली का त्योहार परिवार के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने परिजनों के साथ मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना की।
उन्होंने दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की और सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कवर्धा विधानसभा कार्यालय में मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने कवर्धा सहित पूरे प्रदेश की खुशहाली की कामना की और पार्टी कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर कवर्धा स्थित उनके निवास पर निषाद समाज के लोगों ने पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। समाज के लोग हर साल मछली पकड़ने के जाल लेकर उनके निवास पहुंचते हैं और अपनी परंपरा के अनुसार मां लक्ष्मी से सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं।