दिनभर की गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई

Chhattisgarh Crimesदिनभर की गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार शाम रायपुर में तेज बारिश हुई। इससे मौसम थोड़ा ठंडा हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी। शुक्रवार को भी प्रदेश में गर्मी और उमस का असर रहा। हवा में नमी 72 से 78% तक रही। राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। अंबिकापुर और जगदलपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा। रायपुर में पारा 33.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था।

उत्तर अंडमान सागर में बन रहे सिस्टम के असर से प्रदेश में समुद्र से नमी आने लगी है। राजधानी रायपुर में सुबह तेज धूप खिली। इसकी वजह से दोपहर को आसमान में घने काले बादल छाए, हालांकि बारिश नहीं हुई। शाम को नमी में वृद्धि हुई। नमी बढ़ने के कारण घने बादल बने और शाम करीब 7 बजे बादल की तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे लगातार बारिश हुई। इससे वातावरण ठंडा हो गया और दिनभर की गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर के ऊपर 19 सितंबर की शाम तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां बढ़ेंगी। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक भी अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की स्थिति बन सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी है। रायपुर में शाम को हुई बारिश के साथ ही प्रदेश के कुछ अन्य हिस्सों में भी पिछले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

पथरिया में सबसे ज्यादा 40 मिमी बारिश हुई। सूरजपुर और बम्हनीडीह में 30-30 मिमी, जबकि उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहार और करतला में 20-20 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़, मुंगेली, मरवाही, खड़गवां, सीतापुर और कांसाबेल में 10-10 मिमी पानी गिरा।

Exit mobile version