प्रदेश से अगले 24 घंटे के भीतर मानसून की पूरी तरह वापसी हो सकती है

Chhattisgarh Crimesप्रदेश से अगले 24 घंटे के भीतर मानसून की पूरी तरह वापसी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार इसके लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आज से पूरे प्रदेश में वर्षा में कमी आने लगेगी और ज्यादातर स्थानों पर मौसम ड्राई रहेगा।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा 50 मिमी बीजापुर के कुटरू में रिकॉर्ड की गई है। बाकी जिलों में मामूली बूंदाबांदी या सूखा मौसम रहा।

मौसम विभाग ने आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। यानी राज्य के किसी भी हिस्से में मौसम के बिगड़ने की संभावना कम है। राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों से मानसून पूरी तरह लौट चुका है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अभी भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

अक्टूबर में अब तक 109% ज्यादा बरसा पानी

इस बार अक्टूबर में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है और मानसून लौट चुका होता है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।

10-12 दिन देरी से लौटा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश माना जाता है।

फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हुई।

इस बार प्रदेश में मानसून सामान्य से करीब 10-12 दिन देरी से लौट रहा है।

Exit mobile version