बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। रायपुर में सुबह से तेज हवाएं चल रही हैं।
इसके अलावा अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में मौसम ड्राई रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।