
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पॉर्किंग विवाद पर तेलीबांधा पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस की समझाइश पर दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है।
अब पढ़िए क्या है पूरा मामला
पीड़िता धनिशा धीवर ने तेलीबांधा पुलिस को बताया कि, वे पेशे से शिक्षिका हैं। 9 मई की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच वे अपने परिवार और बच्चों के साथ मैग्नेटो मॉल घूमने आई थी। घर लौटते समय गोपेश साहू बोलेरो वाहन क्रमांक CG 04 JC 1581 को पार्किंग से निकाल रहे थे। उसी दौरान कार क्रमांक CG 04 NH 9699 में सवार रोहन, सोमा और गरिमा पहुंचे।
शिकायत के मुताबिक, कार चालक रोहन गाड़ी से उतरते ही गोपेश साहू को “गांव का गंवार” कहते हुए गाली देने लगा। उसने कहा कि “ऐसे लोगों को मॉल में एंट्री कौन देता है।” आरोप है कि रोहन ने खुद को मिरर छत्तीसगढ़ से जुड़ा बताते हुए रौब दिखाया।
जब गोपेश पार्किंग स्टाफ से बात करने जा रहे थे, तभी रोहन गालियां देने लगा। रोहन ने गालियां देना शुरू की और अपनी गाड़ी से हॉकी निकालकर गोपेश को मारने की बात कहने लगा। आरोपी रोहन ने धक्का-मुक्की की और पुलिस से कार्रवाई करवाने की धमकी देने लगा।
बीच-बचाव के दौरान गोपेश साहू के पैर में चोट आई, जबकि शिक्षिका के बेटे अरमान धीवर के हाथ में चोट लगी। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
इंफ्लूएंसर सोमा ने भी दी शिकायत
शिक्षका की शिकायत के बाद इंफ्लूएंसर सोमा ने भी तेलीबांधा थाना पहुंचकर गाड़ी क्रमांक CG 04 JC 1581 के चालक के खिलाफ शिकायत दी है। इंफ्लूएंसर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
बजरंग दल ने देर रात घेरा थाना
शिक्षक परिवार पर हमला करने, गालियां देने और उन्हें गंवार बोलने पर शिक्षक परिवार के समर्थन में देर रात बजरंग दल तेलीबांधा थाने पहुंचा। बजरंग दल के सदस्यों आरोपी रोहन सहित इंफ्लूएंसर और उनके कर्मचारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है।