सट्टा लगाने वालों तक अब सिर्फ पर्ची या फोन के जरिए ही अंक नहीं पहुंच रहे

Chhattisgarh Crimesसट्टा लगाने वालों तक अब सिर्फ पर्ची या फोन के जरिए ही अंक नहीं पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी सट्टा-मटका के अंकों का प्रचार किया जा रहा है। दुर्ग के उतई पुलिस ने एक युवक को पकड़ा है, जो यूट्यूब पर सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी वाले वीडियो बनाकर लोगों तक पहुंचा रहा था। उसके पास से 2 मोबाइल और सट्टे से जुड़ी डिजिटल सामग्री बरामद हुई है।

4 सितंबर को सूचना मिली थी कि, डुमरडीह बस स्टैंड में अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक युवक मोबाइल से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी वाले वीडियो बनाकर यूट्यूब पर डाल रहा है। इन वीडियो के जरिए सट्टे के अंकों का प्रचार किया जा रहा था।

सूचना मिलने के बाद उतई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रवि चेलक (29) निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह के रूप में हुई।

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में रवि की तलाशी ली। उसके पास से वीवो कंपनी के दो मोबाइल मिले। पुलिस ने जब मोबाइल की जांच की तो यूट्यूब पर अंशु मटका नाम का चैनल सामने आया। पुलिस के अनुसार, इस चैनल के जरिए रवि सट्टा-मटका के अलग-अलग अंकों की भविष्यवाणी वाले वीडियो बनाकर डालता था।

इनमें राजधानी नाइट कल्याण जोड़ी समेत सट्टा-मटका से जुड़े अंकों की जानकारी दी जा रही थी। युवक खुद सट्टा लगाने के लिए लोगों को सीधे संपर्क नहीं कर रहा था, बल्कि वीडियो बनाकर बड़ी संख्या में लोगों तक सट्टे के अंक पहुंचाने का काम कर रहा था। पुलिस ने मोबाइल में मिली सट्टे से जुड़ी सामग्री और अन्य जानकारी को जब्त कर लिया है।

आगे के नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस की कार्रवाई में जब्त दोनों मोबाइल की जांच को अहम माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन मोबाइल के जरिए किन लोगों से संपर्क किया गया था और सट्टे के कारोबार से जुड़े और कौन-कौन लोग उसके संपर्क में थे।

पुलिस सट्टे के लेन-देन और इससे जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सट्टे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में गिरफ्तार रवि चेलक को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Exit mobile version