
मामला उदयपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम महेशपुर निवासी मोहन कुजूर (60) 6 अक्टूबर को तालाब के पास गया था। इसी दौरान उसका सामना हाथियों के दल से हो गया। एक हाथी ने उसे लात मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में उसके सीने में गंभीर चोट आई थी और जबड़ा भी टूट गया था।
घटना के बाद घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), उदयपुर में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
हालत गंभीर होने पर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान अंदरूनी चोटों की वजह से सोमवार को उनकी मौत हो गई। मंगलवार को महेशपुर में अंतिम संस्कार किया गया।
क्षेत्र में डटे हैं 25 हाथी, दहशत में ग्रामीण
उदयपुर क्षेत्र में 25 हाथी डटे हुए हैं। हाथी रोज ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कुछ ग्रामीणों के घरों को भी क्षतिग्रस्त कर चुके हैं। वन विभाग हाथियों की निगरानी कर रहा है।
वन विभाग फसलों के नुकसान का मुआवजा प्रकरण तैयार कर रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, धान की फसल पूरी तरह तैयार हो गई है, लेकिन हाथी उसे बर्बाद कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। वन विभाग ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की समझाइश दे रहा है।