सरगुजा जिले के बतौली में नेशनल हाईवे-43 के किनारे संचालित दो दुकानों में सोमवार रात शटर तोड़कर एक लाख कैश और नए कपड़ों की चोरी हुई

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के बतौली में नेशनल हाईवे-43 के किनारे संचालित दो दुकानों में सोमवार रात शटर तोड़कर एक लाख कैश और नए कपड़ों की चोरी हुई है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक आरोपी चोरी करते दिख रहा है। जिसकी शिनाख्त की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह कृषि बीज दुकान जय माता दी के संचालक संतोष कुमार गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्हें दुकान के शटर का ताला टूटा मिला। वे शटर उठाकर अंदर आये तब देखा कि दराज का लॉक टूटा हुआ है। दुकान के दराज से करीब 70 हजार रुपए गायब मिले। दराज में रखे कागजात भी फेंक हुए मिले।

संतोष गुप्ता ने मामले की सूचना बतौली पुलिस को दी। दुकान के आसपास किसी सुराग की तलाश में खोजबीन की गई तो करीब 50 मीटर की दूरी पर कुएं के पास दो बैग फेंके हुए मिले। बैग को खोलने पर कुछ दस्तावेज और चेक बुक मिले।

चेकबुक में विनय कुमार गुप्ता का नाम दर्ज था। विनय कुमार गुप्ता भाजपा नेता हरि गुप्ता के बेटा है। चेक बुक देखकर यह पता चला कि योगेश क्लॉथ स्टोर्स में भी चोरी हुई है। इसकी जानकारी संतोष कुमार गुप्ता ने हरी गुप्ता को दी।

सूचना पर हरि गुप्ता मौके पर पहुंचे तो उनके दुकान का भी ताला टूटा हुआ मिला। चोर ने योगेश क्लॉथ में भी दराज तोड़कर लगभग तीस हजार रुपये नगदी सहित पकड़ों की चोरी कर ली है। दराज में रखे दस्तावेज फेंके हुए मिले।

CCTV में कैद हुआ आरोपी

पुलिस ने दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेजों की जांच की तो एक चोर दुकानों में चोरी करते हुए कैद हुआ है। रात करीब 2 बजे के बाद एक युवक बाहर से आता हुआ दिखा। दुकान के अंदर भी एक ही आरोपी नजर आया। युवक आराम से दुकान के दराज को तोड़कर कैश और दस्तावेजों की जांच करते दिखा।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के शिनाख्त की कोशिश कर रही है। एक ही रात दो दुकानों में चोरी की घटना से व्यवसायी सहमे हुए हैं। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द आरोपी की शिनाख्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।