सरयू नदी में एक ही परिवार के 15 लोग डूबे; आगरा का परिवार अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए आया था

Chhattisgarh Crimes

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां गुप्तार घाट पर सरयू नदी में नहाने के दौरान एक परिवार के 15 लोग डूब गए। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। उनके शव मिल गए हैं। वहीं, 3 अभी लापता हैं। उनकी तलाश में गोताखोर और अन्य टीमें 9 घंटें से अभियान चला रही हैं। जबकि 6 लोग बच गए हैं। इनमें 3 को अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

अयोध्या में रात में भी सरयू नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है जिसमें NDRF,SDRF, PAC,नाविक गोताखोर, सिविल पुलिस के जवान डूबे हुए 3 लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। गुप्तारघाट से नए घाट तक ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आधुनिक व्यवस्थाओं से लैस टीमें डूबे हुए लोगों की तलाश कर रही हैं लेकिन बाकी लोगों का अभी पता नहीं चल पाया है।

आगरा के सिंकदरा का रहने वाला 15 लोगों का एक परिवार शुक्रवार को अयोध्या पहुंचा। दोपहर में सभी सदस्य गुप्तार घाट में स्नान कर रहे थे, तभी परिवार की दो महिलाओं फिसल गईं और नदी के तेज बहाव में फंस गई। उन्हें बचाने के लिए आसपास स्नान कर रहे परिवार के अन्य सदस्य आगे आए। वह सभी सरयू के तेज बहाव में फंस गए और बहने लगे। वहां चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

इस दौरान परिवार के 3 लोग जैसे-तैसे तैरकर बाहर आ गए, जबकि 3 लड़कियों को गोताखोरों व आसपास के लोगों ने बचा लिया। महिलाएं समेत परिवार के 9 लोग बह गए। गोताखारों ने तलाश अभियान चलाया तो करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद 6 के शव मिल गए, जबकि 3 का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। उनकी तलाश की जा रही है।

जानकारी मिलते ही DM अनुज कुमार झा व SSP मौके पर पहुंचे। जल पुलिस के साथ ही स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। सरयू में जलस्तर में बढ़ने के कारण बचाव में परेशानी आ रही है। गुप्तार घाट के पूर्व के सभी घाटों पर नजर रखी जा रही है आगे के पुलिस स्टेशनों को भी सतर्क किया गया है।

Exit mobile version