महिला के गले से सोने की चेन लूटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। बिलासपुर में रविवार को दोपहर मैरिज पैलेस के सामने महिला के गले से दिनदहाड़े सोने की मंगलसूत्र लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। अपने ममेरे भाई की शादी में आई महिला अपनी बच्ची को देखने बाहर निकली थीं, तभी बाइक सवार दो युवक आए और गले से मंगल सूत्र लूटकर भाग निकले।

लूट की यह घटना मैरिज पैलेस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, जिसकी मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है। घटना सकरी थाने की है। TI पौरुष पुर्रे ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले में रहने वाली नम्रता पाठक के पति रेलवे कर्मचारी हैं। उनकी पोस्टिंग महाराष्ट्र के गोंदिया में है। रविवार को उनके ममेरे भाई की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह अपने परिवार के साथ आई थी।

वैवाहिक कार्यक्रम उसलापुर के गीता पैलेस में चल रहा था। तभी उनकी चार साल की बेटी बाहर निकल गई। उसे देखने के लिए वह बाहर आई। उसी समय बाइक सवार दो युवक आए। एक युवक बाइक से उतरा और गले से मंगलसूत्र लूट कर भाग गया। लूट की यह पूरी घटना मैरिज पैलेस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और CCTV से लुटेरों की पहचान की। इस दौरान पता चला बाइक चलाने वाला युवक सिरगिट्टी क्षेत्र के कोरमी का रहने वाला है।

गांव में पूछताछ करने पर युवक की पहचान सन्नी चक्रवर्ती (31) के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अंबिकापुर जिले के सीतापुर के मालीपारा निवासी अपने साथी मानिक उर्फ संजय मानिकपुरी (35) के साथ लूट की वारदात को अंजाम देना बताया। पुलिस ने दूसरे आरोपी संजय मानिकपुरी को भी पकड़ लिया। उनके पास से सोने की मंगलसूत्र बरामद किया गया। दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए अंबिकापुर भागने की फिराक में थे। तभी ऐन वक्त पर पुलिस ने उनकी पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Exit mobile version