रायपुर। भाठागांव में शनिवार की सुबह बिजली सुधारने की कोशिश में दो कर्मचारियों को करंट लग गया। जिससे एक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना सुबह करीब 10 बजे की है। भाठागांव सबस्टेशन के पास मेंनटेंस का काम चल रहा था, जिसमें आधा दर्जन कर्मचारी काम कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक दो कर्मचारी श्रीराम पटेल, और अमित साहू खंबे पर चढ़े थे उसी दौरान उन्हें करंट लग गया।
घटना में श्रीराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। अमित साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया है। दोनों ही संविदा कर्मचारी थे। टिकरापारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।