नई दिल्ली। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 19,964 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के 2,867 मामले सामने आए। सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मांगी गई जानकारी से यह खुलासा हुआ है।
आरटीआई कार्यकर्ता चंद्र शेखर गौड़ ने सूचना के अधिकार के तहत रिजर्व बैंक से यह जानकारी मांगी थी। देश के सबसे बड़े भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में संख्या के हिसाब से धोखाधड़ी के सबसे ज्यादा मामले आए। वहीं मूल्य के हिसाब से बैंक आफ इंडिया (बीओआई) धोखाधड़ी से सबसे अधिक प्रभावित रहा। अप्रैल-जून, 2020 में सार्वजनिक क्षेत्र के 12 बैंको में एसबीआई में सबसे अधिक 2,050 धोखाधड़ी के मामले सामने आए। इन मामलों से जुड़ी राशि 2,325.88 करोड़ रुपए है। मूल्य के हिसाब से बैंक आफ इंडिया को धोखाधड़ी से सबसे अधिक चोट पहुंची। बैंक आफ इंडिया में 5,124.87 करोड़ की धोखाधड़ी के 47 मामलों का पता चला।