
रायपुर। रायपुर में शनिवार को टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट मैच होगा। इसकी टिकटें नहीं मिल रही हैं। चंद हजार लोग ही ऑनलाइन टिकट खरीद पाए, पूरा शहर एक दूसरे से यही पूछ रहा है – भाई टिकट है क्या ? शुक्रवार को पूरे दिन छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के मैदान के बाहर टिकटें ब्लैक में बेंची गईं। 500 से 1 हजार वाली टिकटें 4200 से लेकर 6500 रुपए तक बेची गईं। जहां शहर के लोगों को एक-एक टिकट के लिए परेशान होना पड़ रहा है, दलाल ये कहते दिखाई दिए कि कितनी टिकटें चाहिए बतओ, मिल जाएगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की ओर से व्यस्था की गई थी कि ऑनलाइन टिकट बुक करने वालों को प्रिंटेड टिकट, बुकिंग डीटेल्स दिखाने पर दी जाएगी। ये प्रिंट छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के छोकरा नाला इलाके में बने मैदान में दिए जा रहे थे। यहां इसके लिए काउंटर बनाए गए हैं। शुक्रवार को इन्हीं काउंटर के बाहर 6 गुना अधिक दामों पर टिकटें बेची जाती रहीं।
छत्तीसगढ़ में होने जा रहे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे और एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने संयुक्त रूप से नवा रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्था और सुरक्षा का जायजा लिया. उन्होंने भारत और न्यूजीलेंड (IND Vs NZ) के बीच होने वाले इस क्रिकेट मैच के बेहतर इंतजाम के संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें निर्देशित किया.
कलेक्टर डॉ. भूरे ने सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियों , मैच के दौरान सभी एंट्री गेटों पर अग्निशमन और मेडिकल स्टाफ के साथ एम्बुलेंस की व्यवस्था, व्यवस्थित पार्किंग स्थल, स्टेडियम परिसर में जुटने वाले दर्शकों को अच्छी मोबाइल कनेक्टीविटी के कंपनी के अस्थाई टॉवर, स्टेडियम में विभिन्न रास्तों से आने वाले लोगों और स्टेडियम में दर्शकों की सुविधा के लिए जगह-जगह स्पष्ट साईनेज, आपात चिकित्सा व्यवस्था आदि सभी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा कर अधिकारी को निर्देशित किया. इस अवसर पर अपर कलेक्टर एन आर साहू, आरंग और अभनपुर के एसडीएम सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे.