सरगुजा में प्रेमिका के बाद प्रेमी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सरगुजा में प्रेमिका के बाद प्रेमी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि पुलिस ने केस रफा-दफा करने के लिए 50 हजार की मांग की थी, जिससे प्रताड़ित होकर युवक ने सुसाइड कर लिया। इस पर SP ने हेड कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर दिया है। मामला लखनपुर थाना इलाके का है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम आशीष मिंज (20) है, जो चुकनडांड गांव निवासी था। युवक का अफेयर कोरबा की रहने वाली 16 साल की लड़की से था। 20 नवंबर 2024 को प्रेमिका अपने प्रेमी यानी आशीष के घर गई थी, वहीं उसने 21 नंवबर को फांसी लगाई थी। इसके बाद युवक ने जहर खा लिया था।

अब जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, नाबालिग सुसाइड केस में लखनपुर पुलिस आशीष मिंज और उसकी मां अलका मिंज से लगातार पूछताछ कर रही थी। पुलिस ने शुक्रवार को भी युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पूछताछ के बाद आशीष मिंज घर लौटा और रात में घर के बाहर पेड़ पर फांसी लगा ली।

शनिवार सुबह परिजनों को आशीष मिंज की लाश फंदे पर लटकती मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, लेकिन परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया।

केस रफा-दफा करने 50 हजार की मांग

आशीष मिंज की मां अलका मिंज ने आरोप लगाया कि, लखनपुर थाने के हेड कॉन्स्टेबल पन्ना एक्का दबाव बना रहा था। केस रफा-दफा करने 50 हजार रुपए मांग रहा था। इसकी शिकायत युवक ने लखनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईएएस IPS से की थी।

इसके बाद सरगुजा SP योगेश पटेल ने हेड कॉन्स्टेबल पन्ना एक्का को लाइन अटैच कर दिया है। हेड कॉन्स्टेबल पर कार्रवाई सूचना मिलने के बाद परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार किया। वहीं जांच के बाद अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की मांग की है।

युवक के गर्लफ्रेंड के परिजनों ने लगाया था हत्या का आरोप

बता दें कि, नाबालिग के परिजनों ने प्रेमी के परिजनों पर हत्या कर शव लटकाने की आशंका जताई थी। इस पर एसपी से जांच की मांग की थी। लड़की अंबिकापुर में अपनी मौसी के घर रहती थी। इस दौरान उसका प्रेम प्रसंग आशीष मिंज के साथ बन गया था।

इसी बीच नाबालिग लड़की अपने प्रेमी के घर पहुंची थी, जहां प्रेमी की मां ने इस पर आपत्ति जताई थी। अपने बेटे को उसे अंबिकापुर छोड़ने के लिए कहा था। इससे आहत होकर नाबालिग ने प्रेमी के घर फांसी लगा ली थी। इसी केस में पुलिस बार-बार पूछताछ के लिए बुला रही थी।