धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 में रहने वाली 55 वर्षीय गीताबाई यादव की करंट लगने से मौत

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4 में रहने वाली 55 वर्षीय गीताबाई यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब महिला घर में कूलर में पानी भर रही थी। कूलर में अचानक करंट फैल गया, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई और छटपटाने लगी। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गीताबाई किराए के मकान में रहती थी और रोजी-मजदूरी का काम करती थी। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए वह कूलर में पानी डाल रही थी। इसी दौरान अचानक कूलर में पहले से फैले करंट के कारण वह उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही वह ज़मीन पर गिर गई और तड़पने लगी। मौके पर मौजूद मकान मालिक ने उसे देखा और फौरन नगरी के सिविल अस्पताल ले गए।

इलाज के दौरान महिला की हुई मौत

जहां महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की। पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गीताबाई के पति मुरारी यादव का पहले ही निधन हो चुका था। इस घटना से पूरे वार्ड में शोक की लहर है। गर्मी से बचने के लिए कूलर का इस्तेमाल करना गीताबाई के लिए जानलेवा साबित हुआ।