कांकेर जिले में फर्जी जाति प्रमाण पत्र का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले में फर्जी जाति प्रमाण पत्र का मामला सामने आया है। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग ने कांकेर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की है। मामला छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के 2023 में आयोजित व्यवहार न्यायाधीश की भर्ती से जुड़ा है।

कोरिया जिले के बैकुंठपुर की रहने वाली कुमारी अतनु प्रसाद का अनुसूचित जनजाति वर्ग से चयन हुआ। उन्होंने खुद को माझी जाति का बताया। लेकिन भू-अधिकार अभिलेख में उनकी जाति केवट दर्ज है। केवट जाति अन्य पिछड़ा वर्ग में आती है।

सर्व आदिवासी समाज का कहना है कि यह सरकारी पद हथियाने का मामला है। अविभाजित मध्यप्रदेश में केवट जाति को OBC में रखा गया था। ऐसे में अनुसूचित जनजाति का दावा गलत है।

समाज ने आंदोलन की दी चेतावनी

सर्व आदिवासी समाज के ब्लॉक अध्यक्ष छबिंद्र मंडावी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

समाज ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रवक्ता भोज मंडावी समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।