अंबिकापुर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर ट्रक ने बाइक सवारों को रौंद दिया। ट्रक के पहिए के नीचे आने से बच्ची की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, लुंड्रा ब्लॉक के सेमरडीह निवासी अनिल पैकरा (18) अपनी बहन दिया पैकरा (22) और गांव की बच्ची करिश्मा के साथ अंबिकापुर आए थे। दोपहर करीब 3 बजे तीनों बाइक से सेमरडीह जाने के लिए निकले।
किशोरी की मौत, युवती की हालत गंभीर
इसी दौरान तीनों नेशनल हाईवे-343 पर काली मंदिर के पास पहुंचे। जहां सामने से आ रहे सिलेंडर लोड ट्रक से बाइक टकरा गई। ट्रक की टक्कर से तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। जिससे ट्रक तीनों के ऊपर चढ़ गई। ट्रक के नीचे बाइक जाकर फंस गई। ट्रक के पहिए के नीचे आने से करिश्मा की मौत हो गई। जबकि अनिल पैकरा और उसकी बड़ी बहन दिया पैकरा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को अस्पताल पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चिकित्सकों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अनिल और दिया का इलाज चल रहा है। घायलों में दिया पैकरा की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। कोतवाली पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।