बिलासपुर में जहरीले सांप के काटने से 15 साल की लड़की की मौत

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में जहरीले सांप के काटने से 15 साल की लड़की की मौत हो गई। वो रात में अपनी मां के साथ बिस्तर में सो रही थी। तभी सांप आ गया और बच्ची के पैर को डंस लिया। जिसके बाद उसकी नींद खुल गई। लड़की को काटने के बाद सांप टेबल के नीचे बैठ गया। इस दौरान परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।

ग्राम पंचायत ठाकुरदेवा निवासी जगराम पटेल ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बहन नंदिनी पटेल स्कूल में पढ़ती थी। वो बीते रात खाना खाने के बाद रात में बिस्तर में सो रही थी। देर रात करीब 1.30 बजे बिस्तर में सांप आ गया।

इस दौरान सांप ने उसके पैर के नीचे काट लिया, जिससे अचानक उसकी नींद खुली और चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर मां भी उठ गई। जिसके बाद जगराम को उठाई। इस दौरान सांप टेबल के नीचे बैठा था।

गाड़ी की व्यवस्था करने में हुई देर

नंदिनी को सांप काटने की जानकारी मिलते ही परिजन घबरा गए। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था करने में जुट गए। इस बीच जहर फैलने से वह रास्ते में ही बेहोश हो गई थी। किसी तरह परिजन उसे बिलासपुर में सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

लेकिन, जब तक परिजन उसे सिम्स लेकर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि बच्ची की मौत रास्ते में ही हो गई थी। इस घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम के बाद उसे परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।