
पूरन मेश्राम/मैनपुर।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने छग शासन के पीडीएस वितरण में ओटीपी सिस्टम की विफल बताकर सरकार को घेरा है, उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राशन कार्ड में ओटीपी का फरमान जनता के मुसीबत बन चुका है। वहीं इस फरमान से ग्रामीण वनाँचल क्षेत्र में काफी समस्या उत्पन्न हो रही है। जहां नेटवर्क हमेशा धीमा चलता है अथवा लंबे समय तक गायब रहता है। ऐसे में राशन दुकानदारों तथा राशन लेने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ग्रामीण विगत कई दिनों से चॉइस सेंटर का चक्कर काटकर परेशान हो रहे हैं। खासकर बुजुर्ग लोग मुसीबत का सामना कर रहे हैं। अगर इस व्यवस्था को सुधारा नहीं गया तो जनता को भूखे रहने की नौबत आ सकती है। न केवल गांव में बल्कि शहर में भी ओटीपी नंबर आने में एक दिन लग जाते हैं। लोग झोला लिए दिन भर राशन दुकान के सामने बैठे रहते हैं। लोगों को कई दिनों के बाद भी राशन नहीं मिला है। ग्राहकों तथा दुकानदारों का कहना है की फिंगरप्रिंट वाला सिस्टम ही ठीक था जिसमें 30-40 ग्राहक प्रतिदिन निपटाए जा सकते थे। अब हाल यह है कि चार-पांच लोगों का ही नंबर आ पाता है। छत्तीसगढ़ सरकार को चाहिए कि फिंगरप्रिंट सिस्टम ही लागू रखें अथवा दोनों प्रकार के सिस्टम मान्य किए जाएं जिससे दिन भर में अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को राशन मिल सके। जो लोग भोजन के लिए राशन दुकान के अनाज पर ही निर्भर हैं उन्हें तकलीफों का सामना करना पड़ेगा। अगर व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंँदोलन का रास्ता तय होगा।