छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे पर बस के सामने खतरनाक स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे पर बस के सामने खतरनाक स्टंट करने वाले युवक को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है और उससे 3800 का चालान वसूला है। आरोपी ने मनीष ट्रैवल्स की बस को बार-बार रोकने का प्रयास किया था।

घटना 22 जून की रात की है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर युवक ने लाल रंग की बाइक से बस को खतरनाक तरीके से ओवरटेक किया। इस दौरान बस में सवार यात्री दहशत में आ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही बाइक पर नंबर प्लेट लगी थी। वह बिना हेलमेट के बाइक चला रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद युवक फरार हो गया था।

6 दिन बाद रायपुर से पकड़ाया

अर्जुनी पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। लगभग 6 दिन की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए चालान भी काटा है।

3800 रुपए का कटा चालान

यातायात डीएसपी मोनिका मरावी ने बताया कि आरोपी युवक का 3800 रुपए चालान भी काटा गया है। यातायात डीएसपी ने अपील की है कि जो आज के युवा है वह इस तरह बाइक में खतरनाक स्टंट ना करें और कानून को अपने हाथ में ना ले।

कानून व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।बताया जा रहा है कि आरोपी की पहचान साहिब बेग (19 साल) के तौर पर हुई है जो जालमपुर का रहने वाला है।