छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में दो दोस्तों शराब पीकर तीसरे दोस्त की हत्या कर दी। आपसी विवाद के बाद चाकू से वार कर मार डाला। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
दरअसल, करण सोनी, शिव कुमार बघेल और आकाश कुर्रे अकलतरा के रहने वाले हैं। तीनों मजदूरी करते हैं। शराब पीने के दौरान उसमें विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों ने आकाश की हत्या कर फरार हो गए।
जानिए क्या है पूरा मामला
12 अगस्त की शाम करण (20), शिव कुमार (27) और आकाश ग्राम तरोद स्थित भट्टी से शराब खरीदकर पीने लगे। इस दौरान उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि करण और शिव ने आकाश को पकड़ लिया। करण ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के पेट में वार कर दिया।
इलाज के दौरान मौत
इसके बाद दोनों भाग निकले। इधर, हमले की जानकारी मिलते ही आकाश के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए बिलासपुर ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर दोनों आरोपी को हिरासत में लिया।
इस मामले में एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि अकलतरा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।