धमतरी में विवेकानंद वार्ड के पास एक भाजपा कार्यकर्ता ने जर्जर सड़क के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। गुमान सिन्हा ने सड़क पर गिट्टी फैलाकर, फावड़ा और साइकिल रखकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यकर्ता ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि स्कूल समय के दौरान बड़े वाहनों का आवाजाही होता है। साथ ही वार्ड में पानी भरने की समस्या भी है। प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों तरफ करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही।
नेताओं की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
कार्यकर्ता ने स्थानीय अधिकारियों और नेताओं की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह स्थान भाजपा कार्यालय जाने के मार्ग पर स्थित है। आसपास के लोगों के समझाने पर कार्यकर्ता ने अपना विरोध समाप्त किया और जाम खुल गया।
शिकायत के बाद भी कोई समाधान नहीं
भाजपा कार्यकर्ता गुमान सिन्हा ने आक्रोश जताते हुए बताया कि स्कूल टाइम में भारी और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से बच्चों की जान को खतरा है। स्कूलों के पास सुबह पालक बच्चों को छोड़ने आते हैं और भारी वाहनों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
हटकेश्वर चौक पर पानी भराव की समस्या भी है, जिसकी शिकायतें कई बार की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने स्कूल समय में भारी वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है और बताया कि बायपास बनने के बावजूद बड़े वाहन शहर में चल रहे हैं, जिससे खतरा बना हुआ है।