रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात चोरों ने एक साथ 3 दुकानों को निशाना बनाया। चोर दुकान की छत तोड़कर भीतर घुसे और गल्ले में रखे कैश लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस, साइबर टीम, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पहली दुकान: इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप से कैश-DVR चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, चोर सबसे पहले अशर्फी देवी अस्पताल रोड स्थित देवसर इलेक्ट्रॉनिक्स में घुसे। यहां से उन्होंने गल्ले में रखे 10 से 15 हजार रुपए कैश चोरी किए और सबूत मिटाने के लिए दुकान का CCTV DVR भी ले गए।
दूसरी दुकान: मेडिकल शॉप में घुसे, लेकिन खाली हाथ लौटे
इसके बाद चोर बगल की मित्तल मेडिकल में घुसे। यह दुकान काफी समय से बंद थी, जिससे उन्हें ज्यादा सामान नहीं मिल सका।
तीसरी दुकान: मेडिकल स्टोर से 1 लाख से अधिक कैश पार
इसके बाद चोरों ने ऑल इज वेल मेडिकल को निशाना बनाया। यहां ऊपर का दरवाजा तोड़कर भीतर घुसे और गल्ले में रखे 1 लाख से अधिक कैश चोरी कर फरार हो गए।
CCTV में कैद चोरों की तस्वीर
ऑल इज वेल मेडिकल के CCTV फुटेज में चार चोर नजर आए हैं। इनमें दो बाहर खड़े दिखाई दिए, जबकि दो भीतर चोरी करते दिखे। रविवार सुबह जब मेडिकल संचालक दुकान पहुंचे, तो सामान बिखरा मिला और चोरी का खुलासा हुआ।
पुलिस की कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ा, लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
इस मामले में सिटी कोतवाली प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि तीन दुकानों में चोरी हुई है। संचालक रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे हैं। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कुल चोरी की रकम स्पष्ट होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।