जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो नाबालिग लड़कियों को सकुशल बरामद किया है। बगीचा थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय लड़की अंबिकापुर से मिली। कुनकुरी थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय लड़की दुलदुला क्षेत्र के जंगल से बरामद किया गया है।
वहीं, पत्थलगांव पुलिस ने लड़कियों से छेड़छाड़ करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ हर्षित यादव (22) के रूप में हुई है। वह पत्थलगांव के महुआ टोली का रहने वाला है।
काम के तलाश में आई थी नाबालिग
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने 2 नाबालिग को बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय नाबालिग 28 अगस्त को घर से लापता हुई थी। पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से उसे गंगानगर इलाके से ढूंढ निकाला। लड़की ने बताया कि वह काम की तलाश में बिना बताए अंबिकापुर आई थी।
झांसा देकर किया था अपहरण
कुनकुरी थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय लड़की भी 28 अगस्त को गणेश पूजा में जाने की बात कहकर घर से निकली थी। पुलिस ने उसे दुलदुला क्षेत्र के जंगल से बरामद किया। आरोपी जगतपाल साय (26) ने शादी का झांसा देकर उसका अपहरण किया था। उसने नाबालिग का शारीरिक शोषण भी किया।
पुलिस ने आरोपी को बीएनएस की धारा 62(2)(M), 87 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस सतर्कता और तत्परता के साथ गुम बच्चियों की खोज कर रही है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना बगीचा और कुनकुरी क्षेत्र के प्रकरणों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बच्चियों को बरामद कर परिजनों को सौंपा है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हाथ पकड़कर छेड़खानी
मेडिकल स्टोर के पास आरोपी ने पीड़िता की बहन के कंधे पर हाथ मारा। कुछ दूर जाकर दोनों वापस लौटे और लड़कियों का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके हाथ पकड़कर छेड़खानी की और मोबाइल नंबर मांगने लगे। पीड़िता के चिल्लाने पर दोनों भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि हेमंत पिछले कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बीएनएस की धारा 74, 78 और 79 के तहत मामला दर्ज किया। सोमवार को हेमंत को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की पहचान हो चुकी है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं से जुड़े अपराधों के प्रति संवेदनशील है। इस तरह की हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।