छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में सुबह खेत में काम कर रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
यह घटना चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र का है। घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब वार्ड के निवासी सुशीला देवांगन, पार्वती साहू, माया डोंगरे, सुनीता यादव और सुमित्रा साहू रोज़ की तरह गांव के जिंदल साहू के खेत में काम करने पहुंची थीं। बताया गया कि जब महिलाएं खेत में टिफिन निकालकर नाश्ता कर रही थीं, तभी मधुमक्खियों के एक झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
जैसे-तैसे कुछ महिलाओं ने भागकर अपनी जान बचाई। हालांकि उन्हें भी मधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया था। मधुमक्खियों के हमले में सुशीला देवांगन बुरी तरह घायल हो गई।
खेत में सामान लेने गए शिव यदु और बेटा भी मधुमक्खियों के हमले के चपेट में आ गए
वहीं, मधुमक्खियों के हमले के बाद महिलाएं खेत में ही अपना सामान छोड़कर भाग गई थी। खेत में सुनीता यादव के रखे सामान को लेने उसका शिव यदु अपने छोटे से बेटे को लेने गया था। इस दौरान वो मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए अपने साथ कंबल भी ले गया था।
इसके बाद भी शिव यदु और उसका बेटा मधुमक्खियों के हमले के चपेट में आ गए। बेटे को मधुमक्खियों के हमले से बचाने के लिए शिव ने अपना कंबल उसे ओढ़ा दिया। इस दौरान मधुमक्खियों ने शिव यदु को भी डंक मारकर घायल कर दिया।
इधर, मधुमक्खियों के हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन आसपास कोई मदद नहीं मिल सकी।
दो लोगों की मौत, छह घायल घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मधुमक्खियों के झुंड को हटाने के बाद घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने शिव यदु और सुशीला देवांगन को मृत घोषित कर दिया, जबकि माया डोंगरे, सुमित्रा साहू, सुनीता यादव, पार्वती साहू और शिव यदु के बेटे का इलाज जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में जारी है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
खेत में मधुमक्खियों ने किया अचानक हमला
मधुमक्खियों के हमले में घायल पार्वती ने कहा, हम लोग सुबह दस बजे खेत पहुंचे। यहां थैला रखे ही थे कि मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इसमें मधुमक्खियों के हमले में तीन लोग ज्यादा घायल हो गए। जबकि दो लोग कम घायल हुए हैं।
मधुमक्खी के डंक से एलर्जी और हार्ट फेल्योर का खतरा
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के प्रभारी डॉ पवन जेठानी ने कहा, नवागांव में मधुमक्खियों के हमले में चार लोग घायल हुए थे। उन लोगों को शनिवार को अस्पताल में भर्ती के लिए लाया गया था। घायलों में दो लोगों की मौत हो गई। बाकी दो लोगों का इलाज अभी चल रहा है।
डॉ पवन जेठानी ने कहा, मधुमक्खियों के डंक से बॉडी में एलर्जिक रिएक्शन होता है। इससे सांस लेने में समस्या होती है और धीरे से हार्ट फेल होना चालू होता है। ऐसे में मधुमक्खियों के डंक लगने के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचे। और मधुमक्खियों के डंक को बॉडी से निकाल दिया जाए। इसके बाद भी अगर कोई समस्या आए तो डॉक्टर को तुरंत बताएं।