छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में ‘सहयोग केंद्र’ जनदर्शन कार्यक्रम एक साल बाद फिर शुरू होने जा रहा है। आज से यह केंद्र हफ्ते में 5 दिन दोबारा खुलेगा। पहले दिन राजस्व और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा दोपहर 2 से 5 बजे तक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। जनता और कार्यकर्ताओं के पंजीयन की प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसकी शुरुआत पिछले साल राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के निर्देश पर की गई थी। कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करना उद्देश्य था। इस केंद्र पर मंत्री नियमित रूप से बैठते थे। मौके पर ही छोटी समस्याओं का निपटारा किया जाता था। अगस्त 2024 तक चला, फिर बंद हुआ
भाजपा के सदस्यता अभियान, संगठनात्मक चुनाव, नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की व्यस्तता के कारण सितंबर 2024 में इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। अब चुनावी गतिविधियां समाप्त होने के बाद पार्टी ने इसे फिर से शुरू करने का फैसला लिया है।
भाजपा का कहना है कि, ‘सहयोग केंद्र’ जनता और पार्टी के बीच सीधे संवाद का माध्यम बनेगा। आम लोग अपनी समस्याएं सीधे मंत्रियों के सामने रख सकेंगे, जबकि कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र की दिक्कतें उठाने और उनका समाधान कराने का अवसर मिलेगा।
कांग्रेस ने बताया राजनीतिक नौटंकी
भाजपा कार्यालय में मंत्रियों की मौजूदगी को कांग्रेस ने राजनीतिक नौटंकी बताया है। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, जब ननकी राम कांवर जैसे वरिष्ठ नेताओं की बात नहीं सुनी जा रही है, तो किसकी बात सुनी जाएगी। पहले भी भाजपा ने ये नौटंकी शुरू की थी, इस बार भी कुछ ही दिन में इसे बंद कर दिया जाएगा।