SIR को लेकर BJP की बैठक कल

Chhattisgarh CrimesSIR को लेकर BJP की बैठक कल. छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। इसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और प्रदेश संगठन प्रभारी शिव प्रकाश विशेष रूप से शामिल होंगे।

 

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसदों के साथ सभी जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना और पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क के माध्यम से जनता की सहायता के लिए तैयार करना है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने बताया कि कांग्रेस SIR को लेकर जनता के बीच भ्रम फैला रही है। ऐसे में भाजपा का लक्ष्य लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना और कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देना है। उन्होंने कहा कि “देश के 12 राज्यों में चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है। भाजपा इस प्रक्रिया में जनता की मदद के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।” महामंत्री बताएंगे कैसे करना है सहयोग

 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शिव प्रकाश कार्यकर्ताओं को यह बताएंगे कि SIR के दौरान लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार कराने या डुप्लिकेट नाम हटवाने की प्रक्रिया में कैसे सहयोग करना है। साथ ही पार्टी जनजागरण अभियान भी चलाएगी, ताकि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो सके।

 

शिव प्रकाश पांच नवंबर की सुबह दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे और दोपहर में पार्टी पदाधिकारियों के साथ SIR को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। बैठक को चुनावी तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

 

मंत्री-MLA और सांसदों को मिलेगी जिम्मेदारी

 

बीजेपी अपने मंत्री, विधायक और सांसदों को SIR के लिए जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी देगी। विपक्ष SIR को लेकर बयान देगा, उसका काउंटर भी बीजेपी नेताओं द्वारा किया जाएगा। SIR के फायदे बीजेपी नेता जनता को बताएंगे।