बीजापुर में 10 किलो का IED बरामद

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बीजापुर में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने एक नक्सली साजिश को नाकाम कर दिया। चिहका-उसपरी रोड पर माओवादियों की ओर से प्लांट किया गया 10 किलो का कमांड IED बरामद कर सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया गया।

यह संयुक्त कार्रवाई भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीजापुर बम निरोधक दस्ता (BDS) टीम की ओर से की गई। सुरक्षा बल नियमित गश्त और तलाशी अभियान के लिए उसपरी क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक संदिग्ध इलेक्ट्रिक तार दिखाई दिया।

शंका के आधार पर टीम ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें स्टील टिफिन में छिपाया गया लगभग 10 किलो का IED मिला। माओवादियों ने इस विस्फोटक को सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नीयत से लगाया था।

सूचना मिलते ही बीजापुर बीडीएस टीम मौके पर पहुंची और विस्फोटक को डिफ्यूज किया। सुरक्षा बलों ने बताया कि समय रहते IED निष्क्रिय किए जाने से एक बड़े हादसे को टाला जा सका। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।