प्रदेश में अगले दो दिन मौसम में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद ठंड बढ़ेगी

Chhattisgarh Crimesप्रदेश में अगले दो दिन मौसम में कोई खास परिवर्तन होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद ठंड बढ़ेगी। 2 से 3 डिग्री तक तापमान गिर सकता है। वहीं पिछले तीन से चार दिनों में राज्य के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि दो दिन बाद अचानक तापमान बढ़ने से हाइपोथर्मिया का खतरा बढ़ने की आशंका है। ऐसे में डॉक्टरों ने दो लेयर में कपड़े पहने की सलाह दी है।

मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा है। हालांकि पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 10°C से बढ़कर 14.2 °C पर पहुंच गया है। इसी तरह रायपुर में भी न्यूनतम तापमान 13°C से बढ़कर लगभग 16.4°C तक पहुंच गया है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 31.5°C माना (रायपुर) में और न्यूनतम तापमान 10.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। चार दिन पहले अंबिकापुर का तापमान 6°C तक पहुंच गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर महीने में पहली बार दर्ज हुआ है।

रायगढ़ में ठिठुरन, 9 जगहों पर अलाव की व्यवस्था

रायगढ़ में ठंड से बचाव के लिए निगम ने करीब 9 जगह अलाव की व्यवस्था की है। इन स्थानों में मेडिकल कॉलेज में 2 जगह, चक्रधर नगर ऑटो पार्किंग, रामनिवास टॉकीज चौक, रेलवे स्टेशन, अशर्फी देवी अस्पताल, जिला अस्पताल, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, मिनी माता चौक और शनि मंदिर के पास लकड़ी रखी गई है।

ये जगह ऐसी हैं जहां रात के वक्त लोगों का आना-जाना लगा रहता है, इसलिए ठंड से राहत देने के लिए विशेष रूप से अलाव की व्यवस्था की गई है।

जिले के ग्रामीण और जंगल इलाके शहर की तुलना में अधिक ठंड वाले हैं। लैलूंगा, कापू, छाल और धरमजयगढ़ जैसे क्षेत्रों में शाम ढलने के बाद लोग घर में दुबककर रहते हैं और ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े और अलाव का सहारा ले रहे हैं।