सूरजपुर में लिफ्ट के बहाने एक महिला से लूटपाट का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर में लिफ्ट के बहाने एक महिला से लूटपाट का मामला सामने आया है। शादी समारोह से लौट रही महिला को एक अज्ञात बाइक सवार ने मानी क्षेत्र के जंगल में जान से मारने की धमकी देकर करीब 2 लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये नकद छीन लिए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, महिला अम्बिकापुर से पटना गांव लौट रही थी। वह शादी समारोह में शामिल होने के बाद बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने खुद को पड़ोसी गांव का बताकर उसे लिफ्ट देने की पेशकश की।

आरोपी का चेहरा सीसीटीवी कैमरों में कैद

महिला ने उस पर भरोसा कर बाइक पर बैठ गई। रास्ते में पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाते समय और सड़क पर कई अन्य स्थानों पर आरोपी का चेहरा सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।

मानी क्षेत्र के घने जंगल पहुंचते ही आरोपी ने महिला को बाइक से उतार दिया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए महिला से करीब 2 लाख रुपये के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद छीन लिए।

लूटपाट के बाद आरोपी अपनी बाइक से फरार हो गया। महिला किसी तरह पैदल चलकर नजदीकी गांव पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।