छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन संकट गहराता जा रहा है। सोमवार सुबह 11 बजे तक शहर से उड़ान भरने वाली 6 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। इनमें 5 इंडिगो एयरलाइंस की हैं। रायपुर से मुंबई की 2, हैदराबाद की 2 और बेंगलुरु की 1 फ्लाइट कैंसिल हुई है। वहीं, फ्लाइट संकट से ट्रेनों और बसों में भीड़ बढ़ गई है। इसी तरह रायपुर आने वाली 5 फ्लाइट्स भी रद्द हुई हैं, जिनमें 4 इंडिगो की थीं। एक फ्लाइट बेंगलुरु से और तीन हैदराबाद से आने वाली थीं। ये सभी आंकड़े आज सुबह 11 बजे तक के हैं। दिनभर में और भी फ्लाइटें कैंसिल, डायवर्ट और डिले हो सकती हैं। तीन दिन में 54 फ्लाइट रद्द हो चुकी हैं।
यात्रियों को न इंडिगो एयर लाइंस से और न ही एयरपोर्ट ऑथोरिटी की ओर कोई जवाब दिया जा रहा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर के.के. लहरे कॉल का जवाब नहीं दे रहे। दैनिक भास्कर ने उनसे संपर्क किया तो मीटिंग का हवाला देकर कॉल काट दिया। इसके बाद कॉल पिक नहीं किया। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से भी कोई जिम्मेदार बात करने को तैयार नहीं है।, 6 दिसंबर को 11 फ्लाइट्स बिना सूचना रद्द की
पांचवें दिन शनिवार को इंडिगो ने 11 फ्लाइट्स बिना किसी सूचना के रद्द कर दी। यात्रियों ने फोन, ई-मेल और एसएमएस के जरिए संपर्क किया तो एयरलाइन की ओर से केवल एक जवाब मिला ‘टिकट का पैसा रिफंड कर देंगे।’
यात्रियों का कहना है कि जरूरी कामों से बाहर निकलना था, अब रिफंड मिल भी जाए तो क्या फायदा? इतनी परेशानी हुई। समय खराब होने का मुआवजा कौन देगा?
तीन दिन में इंडिगो ने 54 फ्लाइट्स कैंसिल
पिछले तीन दिनों में इंडिगो एयरलाइंस ने 54 फ्लाइट्स रद्द की है। बार-बार रिफंड का दावा करने के बाद भी अभी सैकड़ों यात्रियों का पैसा वापस नहीं किया गया है। जब लोग बार-बार पूछ रहे हैं, तो जवाब मिलता है 3 से 4 दिन में रकम ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगी।