रायगढ़ जिले के ग्राम पंचायत बेहरामुड़ा में ग्रामीणों को राशन नहीं मिल पा रहा

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के ग्राम पंचायत बेहरामुड़ा में ग्रामीणों को राशन नहीं मिल पा रहा है। दुकान संचालक ने 4 महीने पहले ईपोस मशीन में फिंगर लगवाया था, लेकिन राशन सामग्री नहीं दिया गया। प्रभावित ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में इसकी शिकायत की है।

जिसके बाद कलेक्टर ने खाद्य निरीक्षक को जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जनदर्शन में लो वोल्टेज समस्या और फर्जी राशनकार्ड की समस्या भी सामने आई है जिस पर कलेक्टर ने समाधान की बात कही है।

जनदर्शन में अपनी परेशानी लेकर पहुंचे ग्रामीण

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर अपर कलेक्टर रवि राही ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों की मांगों, समस्याओं एवं शिकायतों को कलेक्टर जनदर्शन में सूना।

जहां जनदर्शन में तहसील छाल अंतर्गत ग्राम पंचायत बेहरामुड़ा के ग्रामीणों ने बताया कि राशन दुकान संचालक द्वारा 4 माह पूर्व ईपोस मशीन में फिंगर लगवाया था, लेकिन राशन सामग्री नहीं दिया जा रहा है।

जिसकी वजह से गांव के ग्रामीणों को राशन को लेकर कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में अपर कलेक्टर ने मामले में तत्काल खाद्य निरीक्षक को जांच करने के निर्देश दिए हैं।

कई गांव में लो वोल्टेज की समस्या

वहीं ग्राम कोटरीमाल, घरघोड़ा के ग्रामीणों ने बताया कि उनके मोहल्ले में 1 फेस ही सप्लाई की गई है, लो वोल्टेज के कारण पीने का पानी पंप भी नहीं चल पा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इसे लेकर घरघोड़ा के विद्युत अधिकारियों को कई बार बताया गया है लेकिन उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है।

ऐसे में अपर कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इसे गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए है।

फर्जी राशनकार्ड जारी किया गया

जनदर्शन में धरमजयगढ़ के लुकेश्वर यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत ढोढ़ागांव राशन दुकान में संदिग्ध लोगों के नाम से फर्जी राशन कार्ड जारी किया गया है।

साथ ही उन्हें राशन का वितरण भी किया जा रहा है। तब अपर कलेक्टर ने इस पर जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।

पुसौर के ग्राम दर्रीपाली के चंद्रमणी चौहान ने बताया कि उनकी निजी कृषि भूमि पर बीएसएनएल द्वारा 90 फीट लम्बा केबल बिछाया गया है।

जिससे उनकी फसलों को नुकसान हो रहा है। जहां अपर कलेक्टर ने आवेदन की उचित जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।