छत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी ने इंडिगो को कानूनी नोटिस भेजा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ सिविल सोसाइटी ने इंडिगो को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में मांग की गई है कि पीड़ित यात्रियों को इंडिगो टिकट कीमत का 10 गुना मुआवजा दे। इस पूरे मामले को लेकर प्रधानमंत्री को भी शिकायत भेजी गई है, जिसमें इंडिगो पर 9000 करोड़ (करीब एक बिलियन डॉलर) का जुर्माना लगाने की मांग की गई है। वहीं आज (मंगलवार) सुबह 9 बजे रायपुर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट कैंसिल हो गई है। इसके अलावा मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली एक-एक फ्लाइट यानी कुल चार फ्लाइट कैंसिल है। दिनभर में और भी फ्लाइटें कैंसिल, डायवर्ट और डिले हो सकती हैं। फ्लाइट संकट से ट्रेनों और बसों में भीड़ बढ़ गई है।

 

इससे पहले सोमवार को ही रायपुर एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली इंडिगो की 8 फ्लाइट रद्द हुई थी। रायपुर से मुंबई की 2, हैदराबाद की 2 और बेंगलुरु की 1, भोपाल की 1, कोलकाता की 1 और दिल्ली की 1 फ्लाइट कैंसिल हुई थी।

 

पिछले चार दिनों में इंडिगो ने रायपुर से उड़ान भरने वाली अपनी 64 फ्लाइट्स रद्द कर दी है। देश भर में पिछले पांच दिनों में 3 हजार से ज्यादा फ्लाइट कैंसिल हुई हैं। यात्रियों को न इंडिगो एयर लाइंस से और न ही एयरपोर्ट ऑथोरिटी की ओर कोई जवाब दिया जा रहा है। एयरपोर्ट डायरेक्टर के.के. लहरे कॉल का जवाब नहीं दे रहे।

 

दैनिक भास्कर ने उनसे संपर्क किया तो मीटिंग का हवाला देकर कॉल काट दिया। इसके बाद कॉल पिक नहीं किया। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से भी कोई जिम्मेदार बात करने को तैयार नहीं है।