रायपुर में एक पुलिस जीप में शराबखोरी का वीडियो सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में एक पुलिस जीप में शराबखोरी का वीडियो सामने आया है। जिसमें एक ड्राइवर समेत दो तीन युवक शराब के नशे में चूर होकर सो रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों ने जब ड्राइवर को नींद से जगाया तो उसे कुछ होश नहीं था। इस पूरी घटना का स्थानीय कांग्रेस नेता ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। अब कांग्रेस ने भी इसे शेयर किया है।

बताया जा रहा है कि, यह वीडियो रविवार रात का है। वीडियो में दिख रहा है कि रायपुर पासिंग नंबर की एक स्कॉर्पियो में पुलिस की तख्ती और ऊपर बत्ती लगी हुई है। गाड़ी में ड्राइवर सीट पर एक युवक सवार है। वहीं बगल की सीट में दूसरा युवक सो रहा है। इसी तरह पीछे भी एक युवक नींद में सोया है। गाड़ी के दरवाजे के पास शराब की बोतल और नमकीन पड़े हुए हैं।

ड्राइवर बोला- शराब पी ली थी, नशा चढ़ गया

उत्तर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले कांग्रेस नेता नवाज खान ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया। जब उसने नशेड़ी ड्राइवर से पूछा तो ड्राइवर ने कहा कि शराब पी ली थी जिससे नशा चढ़ गया। इसके बाद ड्राइवर गाड़ी के भीतर सो रहे अन्य लड़कों को उठाने लगा।

नवाज ने सोशल मीडिया पर लिखा की घटना रात 2 बजे की है। आरोपी ड्राइवर और उसके दोस्तों ने 2-4 लोगों को टक्कर मारने से बाल बाल बचे। वे कहां पर खड़े हैं उन्हें होश नहीं था।

कांग्रेस बोली- अराजक कानून व्यवस्था

इस घटना का वीडियो कांग्रेस ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने लिखा की जनता की जिम्मेदारी जिन कंधों पर हैं, वहीं सड़क पर मौत बांटने निकले हैं। इससे स्पष्ट हो जाता है कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था नहीं अराजकता का राज चल रहा है।

लोगों ने लिए मजे, कमेंट्स पर बोले- भारी मिस्टेक हो गया

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। लोग वीडियो के कमेंट में अलग-अलग तरह का रिएक्शन दे रहे हैं। प्रभात नाम के एक यूजर ने सुप्रसिद्ध गंगाजल मूवी के डायलॉग के अंदाज में लिखा कि भारी मिस्टेक हो गया है। वही मुशाहिद नाम के यूजर ने लिखा कि सरकारी दामाद है। अमित ने लिखा कि शासन मस्त, प्रशासन मदमस्त है। इस वीडियो को सैकड़ों लोग लाइक और शेयर कर रहे हैं।