पेंड्रा के मरवाही वन मंडल क्षेत्र में स्थित साईं फूड प्रोडक्ट राइस मिल में देर रात एक भालू घुस आया। यह घटना लरकेनी-धनपुर मार्ग पर हुई। भालू मिल के टिन शेड पर लगे मधुमक्खी के छत्तों का शहद खाने के लिए ऊपर चढ़ गया और वहीं करीब 30 फीट की ऊंचाई पर फंस गया।
भालू के मिल में घुसने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कारणों से राइस मिल प्रबंधन ने कर्मचारियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। साथ ही, आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई है। मिल संचालक प्रदीप साहू ने सुबह वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति पर नजर रख रही है। वन अधिकारियों ने बताया कि भालू को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित रूप से नीचे उतारने की तैयारी की जा रही है। देर शाम या रात तक उसे जंगल की ओर खदेड़ने या रेस्क्यू करने की योजना है।
भालू की मौजूदगी से ग्रामीणों और मिल मजदूरों में चिंता का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मिल परिसर और आसपास के इलाके से दूर रहें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।