नगर निगम रायपुर द्वारा बकाया राजस्व वसूली अभियान के तहत यूनियन क्लब और नेताजी होटल पर बकाया कर नहीं चुकाने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। यूनियन क्लब पर जहां साल 2017-18 से 2025-26 तक करीब 14.86 लाख रुपए का बकाया था। वहीं होटल पर साल 2019-20 से 2025-26 तक करीब 7.65 लाख रुपए का बकाया था।
नगर निगम आयुक्त के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार सिंह बागल की उपस्थिति में यूनियन क्लब प्रबंधन द्वारा तत्काल 3 लाख रुपए का धनादेश जमा किए जाने पर सील खोल दी गई। यूनियन क्लब के अध्यक्ष गुरुचरण सिंह होरा ने कहा कि क्लब में किसी तरह की व्यावसायिक गतिविधि नहीं होती। उन्होंने नियमानुसार टैक्स निर्धारण करने और शेष राशि का भुगतान इसी माह करने का आश्वासन दिया है।
इसी अभियान के तहत पंडित भगवती चरण शुक्ल वार्ड क्रमांक-57, कटोरा तालाब स्थित नेताजी होटल पर भी निगम ने सीलिंग की कार्रवाई की। होटल पर वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक करीब 7.65 लाख रुपए का बकाया था।
बकाया राशि नहीं चुकाने पर जोन-4 की राजस्व टीम ने स्थल पर सीलिंग शुरू की। कार्रवाई के दौरान होटल प्रबंधन ने 2 लाख रुपए का धनादेश तत्काल जमा किया और 10 जनवरी 2026 तक पूरी बकाया राशि चुकाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद निगम ने फिलहाल सीलिंग की कार्रवाई रोक दी।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बकायादारों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और समय पर कर भुगतान नहीं करने वालों पर सीलिंग जैसी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार जारी है कार्रवाई
पिछले दिनों निगम की टीम ने शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और बड़े बकायेदारों पर शिकंजा कसा था। इसी कार्रवाई के तहत गौरव गार्डन और मधुबन को प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने पर डिमांड बिल और नोटिस जारी किया गया है।
निगम की टीम ने अम्बुजा मॉल, डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क, सफायर ग्रीन, राम वर्ल्ड, अमर मैरिज पैलेस, गोयल गोडाउन और वाइन शॉप सहित कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े दस्तावेजों की जांच भी की गई।
100% राजस्व वसूली का है लक्ष्य
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 10 जोनों को आदेश दिए हैं कि बड़े बकायेदारों को तुरंत डिमांड बिल सहित नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
जिसके बाद गौरव गार्डन, मधुबन, ओमया और अमायरा में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई। इसके बाद आज गौरव गार्डन और मधुबन को नोटिस जारी कर दिया गया है। अंबुजा मॉल और डिकैथलॉन, श्रीराम बिजनेस पार्क और सफायर ग्रीन को भी जल्द ही नोटिस देने की तैयारी चल रही है।