छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF (Chhattisgarh Armed Force) बटालियन कैंप में जवान ने पुरानी रंजिश में सोते समय साथी जवान पर फायरिंग कर दी। जवान के हाथ को चीरते हुए गोली गाल में फंस गई। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना गातापार थाना इलाके की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान की पहचान उत्तरप्रदेश निवासी सोनवीर जाट के रूप में हुई है। जबकि आरोपी जवान का नाम अरविंद गौतम बताया जा रहा है। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
बताया जा रहा है कि, रविवार की रात खाने खाने के बाद सभी जवान घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन कैंप में सो रहे थे। इसी बीच रविवार देर रात अरविंद ने सर्विस राइफल से सोनवीर पर गोली चला दी। फायरिंग की आवाज सुनकर बाकी जवान आनन-फानन में उठ गए।
घायल जवान को सोमवार तड़के जिला मुख्यालय के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में सुरक्षित रखा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
गोली चलाने की वजह साफ नहीं
वारदात के बाद कैंप और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा आधिकारिक बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले को लेकर सतर्कता बरत रहा है।
4 दिन पहले BSF जवान ने सर्विस-राइफल से खुद को गोली मारी
नारायणपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान ने 4 दिन पहले सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड करने का कारण अज्ञात है। जवान उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। घटना सोनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक जवान का नाम सचिन कुमार है। जवान यूपी के बागपत जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। पिछले कुछ समय से नारायणपुर के होरादी सुरक्षा कैंप में आरक्षक के पद पर तैनात था। जवान ने कैंप में ही ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी है।