छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तरी हिस्से में शीतलहर का असर दिखाई दे रहा है। सरगुजा, अंबिकापुर, जगदलपुर में सुबह के वक्त घना कोहरा छाने लगा है। मैनपाट में रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में 4.5 डिग्री तक गिर गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले चार दिनों में यह 1 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बच्चों पर पड़ रहा ठंड का असर

कड़ाके की ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है। बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं।

बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, बच्चों का शरीर वयस्कों की तुलना में जल्दी ठंडा होता है। नवजातों की मांसपेशियां कम विकसित होती हैं, जिससे वे ठंड सहन नहीं कर पाते। वहीं, सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे शिशुओं में हाइपोथर्मिया का खतरा और बढ़ जाता है।

NICU और SNCU तक पहुंच रहे मामले

डॉक्टरों के अनुसार, पर्याप्त सावधानी नहीं बरतने पर बच्चों को एनआईसीयू (NICU) और एसएनसीयू (SNCU) में भर्ती कर इलाज करना पड़ रहा है। नवजात का शरीर अचानक ठंडा पड़ जाना या तापमान सामान्य से कम हो जाना हाइपोथर्मिया का प्रमुख लक्षण है।