बलरामपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश की सीमा पर स्थित धनवार बैरियर में एक ट्रक से 12 क्विंटल गांजा जब्त किया

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश की सीमा पर स्थित धनवार बैरियर में एक ट्रक से 12 क्विंटल गांजा जब्त किया है। गांजा भूसे के बीच भरकर ओडिशा से लाया गया था। बैरियर में जांच के दौरान गांजा पकड़ा गया। बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि गांजे की अनुमानित कीमत 6 करोड़ रुपये है।

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश की सीमा पर धनवार बैरियर में रविवार की रात भूसे से लोड एक ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 पहुंचा। पुलिस ने ट्रक में लोड सामानों के बारे में पूछताछ की तो ट्रक में भूसा लोड होना बताया गया। पुलिस ने संदेह होने पर ट्रक की जांच की तो ट्रक में सवार तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।

ओडिशा से यूपी लेकर जा रहे थे गांजा

बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि ट्रक की जांच में ट्रक से 1198.46 किलोग्राम गांजा जब्त हुआ है। गांजा 40 पैकेट में भरा हुआ था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई बसंतपुर थाना प्रभारी जितेंद्र सोनी की टीम ने की है।

यूपी के तीन तस्कर गिरफ्तार, राजस्थान ले जा रहे थे गांजा बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि आरोपी ओडिशा से सरगुजा होते हुए बलरामपुर सीमा में पहुंचे थे। गांजे की यह बड़ी खेप उत्तरप्रदेश से होते हुए राजस्थान ले जाया जाना था।

पकड़े गए आरोपियों में अम्रीश कुमार (23 वर्ष) निवारी महाराजगंज, रायबरेली (यूपी), अम्रीश कुमार पटेल (33 वर्ष) निवासी लखनउ, मनीष कुमार (20 वर्ष), अमेठी (यूपी) शामिल हैं।

गांजा तस्करी के बड़े सिंडिकेट के इस तस्करी में शामिल होने की आशंका है, जिसे लेकर पूछताछ की जा रही है।