गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र के ग्राम बंधी में छेरछेरा त्योहार के दौरान पिकनिक मना रहे युवकों पर हमला हुआ है। इस घटना में 7 युवक घायल हुए हैं। पीड़ितों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, और मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, ग्राम बंधी निवासी भंवर सिंह पोर्ते (जो अमरपुर के भंवर सिंह पोर्ते कॉलेज में पढ़ते हैं) अपनी बहन दिव्या साहू और उसकी सहेलियों के साथ गांव की पानी टंकी के पास पिकनिक मना रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश साहू शराब के नशे में वहां पहुंचा और उनसे विवाद करने लगा। फोन कर साथियों को बुलाया
भंवर सिंह ने अपनी बहन और सहेलियों को घर जाने के लिए कहा, जिस पर दुर्गेश ने आपत्ति जताई। इसके बाद उसने फोन करके अपने साथी सुधांशु दुबे, मोटू राठौर, सूर्यांश साहू समेत चार-पांच अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि ये सभी डंडे और चापड़ जैसे हथियार लेकर घटनास्थल पहुंचे और भंवर सिंह व उनके दोस्तों के साथ मारपीट की। मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
इस हमले में भंवर सिंह पोर्ते, अश्वनी केंवट, आदित्य चौधरी, अंकुश केंवट, जनक केंवट, अमन केंवट और जलेश केंवट को चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बीच-बचाव कर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मारपीट का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भंवर सिंह पोर्ते ने इस मामले की लिखित शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद में महिला पर जानलेवा हमला
वहीं, दूसरा मामला गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम भदौरा विचारपुर का है जहां जमीन विवाद को लेकर एक महिला पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घायल महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसे जिला अस्पताल सेनेटोरियम में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता सविता राठौर (45 वर्ष),निवासी ग्राम भदौरा विचारपुर ने गौरेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आरोपी निकास राठौर ने उनकी पट्टे की जमीन पर जबरदस्ती ट्रैक्टर चला दिया था। सविता उस जमीन पर टमाटर लगाने के लिए क्यारियां बनवा रही थीं।
जब सविता राठौर ने निकास राठौर से अपने खेत से ट्रैक्टर हटाने को कहा, तो उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद निकास राठौर ने पहले सविता के पति के पैर में रॉड से वार किया। जब सविता बीच-बचाव करने आईं, तो निकास ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार हमला कर दिया। सिर फटने और खून बहने के बाद खेत में काम कर रहीं फुलमती और रामबाई ने बीच-बचाव किया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल सेनेटोरियम में भर्ती कराया गया।
गौरेला थाना पुलिस ने आरोपी निकास राठौर के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।