छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) के कोर एरिया में कुछ युवकों ने दबंगई दिखाई। जिसका वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार सवार 4 युवक प्रतिबंधित क्षेत्र में मनमानी तरीके से घुसे। वहां आग जलाई और एयर राइफल से कई बार फायरिंग की।
इतना ही नहीं, उन्होंने दबंग और शिकारी अंदाज में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर भी किया। वायरल वीडियो में म्यूजिक और पुलिस सायरन बजते भी सुनाई दे रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए बैरियर गार्ड को हटा दिया है, रेंजर को नोटिस जारी कर 3 आरोपियों को पकड़ा है।
जांच नाके में भी की बदमाशी
वायरल वीडियो के मुताबिक, 4 हथियारबंद युवकों ने जांच नाके में भी बदमाशी करते हुए शूट किया है। जिस व्यक्ति ने शूट किया है वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, लेकिन वीडियो में दिख रहे तीनों युवक पकड़ा गए है।
वायरल वीडियो में वन्यजीव प्रेमियों ने नाराजगी दिखाई है और अब छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वन विभाग ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। उनके कब्जे से दो एयर राइफल और एक टाटा सफारी वाहन जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में ये शामिल
- अजीत दास (26 वर्ष)
- अनिकेत मौर्य (27 वर्ष)
- विक्रांत वैष्णव (36 वर्ष)
बैरियर गार्ड को भी हटाया गया
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस घटना के बाद एक बैरियर गार्ड को हटा दिया गया है, जबकि एक रेंजर को नोटिस जारी किया गया है।
हथियार लेकर कैसे घुसे, इसकी जांच होगी
पूरे मामले में अचानकमार टाइगर रिजर्व प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। यह जांच का विषय है कि हथियारबंद युवक एटीआर के कोर एरिया में हथियारों के साथ कैसे प्रवेश कर गए और उनकी जांच क्यों नहीं की गई। जिम्मेदार अधिकारी इस मामले पर मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं।