प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अधिकांश जिलों में रात का तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है।मैदानी इलाकों में रायपुर सबसे ठंडा रहा, जहां रात का पारा 7°C तक गिर गया। दुर्ग में 7 डिग्री और पेंड्रा रोड में 7.2 डिग्री रहा।
इस बीच मौसम विभाग ने 17 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट और 15 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। दोनों अलर्ट के साथ हेल्थ एडवाइजरी भी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.6°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 3.8°C रहा।
सरगुजा जिले में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण 10 जनवरी तक पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों की छुट्टी रहेगी। हालांकि, सभी शैक्षणिक और अन्य स्टाफ स्कूल आएंगे।