छत्तीसगढ़ के रायपुर में ओडिशा के कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की ठगी हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायपुर में ओडिशा के कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की ठगी हुई है। आरोपियों ने कारोबारी को शेयर ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफा का लालच दिया। फिर उससे रायपुर बुलाकर 2 करोड़ रुपए कैश ले लिए। पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया और फिर अचानक फरार हो गए। कारोबारी ने रकम अपने साले से ली थी। फिलहाल कारोबारी की शिकायत पर देवेंद्र नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

नेमीचंद जैन ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह ओडिशा के कालाहांडी का रहने वाला है। नवंबर 2025 में उनके मोबाइल फोन में एक टेलीग्राम ग्रुप का लिंक आया। जिसमें टाटा कंसलटेंसी में 1 लाख इन्वेस्ट करने पर 10 दिन के भीतर 30 हजार प्रॉफिट के बारे में बताया गया।

कारोबारी ठगों के झांसे में आ गया उसने पैसे इन्वेस्ट कर दिए। कुछ दिन बाद उसे मुनाफा बताकर 30 हजार रुपए दिया गया। इसके बाद उन्हें और ज्यादा इन्वेस्ट करने के लिए फोन आने शुरू हो गए।

2 करोड़ में 40 लाख रुपए मुनाफा का लालच

आरोपियों ने कारोबारी से कहा कि यदि वह दो करोड़ रुपए इन्वेस्ट करते हैं तो उन्हें 40 लाख रुपए मुनाफा मिलेगा। तब कारोबारी ने कहा कि ऑनलाइन ठगी ज्यादा हो रही है, इसलिए यह रुपए में कैश में दूंगा। इसके बाद ठगों ने उन्हें रायपुर के होटल सिमरन में बुलाया।

वहां उन्होंने शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्टमेंट की स्कीम के बारे में बताया गया। बातचीत होने के बाद नेमीचंद ने कहा कि उनके पास दो करोड़ रुपए नहीं है। उसे यह रकम परिवार वालों से व्यवस्था करनी पड़ेगी।

साले से लेकर दिए 2 करोड़ रुपए कैश

फिर नेमीचंद ने अपने साले राजकिशोर अग्रवाल निवासी शंकर नगर से 2 करोड़ रुपए लिए। ठगों ने उन्हें लालगंगा मिडास फाफाडीह स्थित ऑफिस में बुलाया। वहां नेमीचंद और उनके साले राजकिशोर ने आरोपियों को दो करोड़ रुपए नगद दे दिए।

कुछ दिन बाद कारोबारी ने आरोपियों से संपर्क किया और मुनाफे के पैसों की मांग की। लेकिन ठगों ने उसे गुमराह करना शुरू कर दिया। फिर मोबाइल के मैसेज भी डिलीट कर फरार हो गए।

महिला ठग भी थी शामिल

नेमीचंद के मुताबिक उनसे अजीत पात्रा, सुमित नंदा, विकास साहू, अजय त्रिपाठी और अर्चना अग्रवाल ने ठगी की है। आरोपियों ने मिलकर उन्हें कम दिन में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर 2 करोड़ रुपए वसूल कर लिए। फिलहाल पीड़ित ने देवेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।