रायपुर के टाटीबंध इलाके में एक बुजुर्ग की जिंदा जलने से मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesरायपुर के टाटीबंध इलाके में एक बुजुर्ग की जिंदा जलने से मौत हो गई। 70 वर्षीय राजकुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ रहते थे। शनिवार सुबह उनका बेटा घर का ताला लगाकर उरला स्थित रोलिंग मिल में काम करने गया था।

घर के अंदर बुजुर्ग अकेले थे और ठंड के कारण रूम हीटर चालू था। थोड़ी ही देर बाद सुबह 8 बजे मोहल्ले वालों ने घर में धुआं निकलते देखा। बुजुर्ग चिल्ला रहे थे, लेकिन घर का गेट बंद होने की वजह से कोई उनकी मदद नहीं कर पाया और वे जिंदा जल गए। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।

चाह कर भी कोई मदद नहीं कर सका

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन समय रहते कोई उन्हें बचा नहीं सका। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने फायर ब्रिगेड देर से पहुंचने को लेकर आक्रोश भी दिखाया।

बेटा घर में ताला लगाकर काम पर निकला

टाटीबंद इलाके में राजकुमार गुप्ता का घर है। उनका बेटा जितेंद्र गुप्ता उरला स्थित रोलिंग मिल में काम करता है। शनिवार (17 जनवरी) सुबह वह घर में ताला लगाकर काम पर निकल गया।

घर के अंदर बुजुर्ग ने ठंड की वजह से रूम हीटर चलाया था, बताया जा रहा इसी में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी।

चीख रहे थे बुजुर्ग, कोई मदद नहीं कर पाया

सुबह करीब 8 बजे मोहल्ले वालों ने घर में आग लगी देखी। बुजुर्ग चिल्ला रहे थे, लेकिन गेट लॉक होने की वजह से कोई उनकी मदद नहीं कर पाया और उनकी जिंदा जलकर मौत हो गई।

मोहल्लेवालों ने जितेंद्र गुप्ता और फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, तब तक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।

परिवार गया मैहर दर्शन करने

आमानाका पुलिस के अनुसार, जिस दौरान घर में आग लगी, उस समय किशोर गुप्ता घर में अकेले थे। बेटा नौकरी और उनके घर के अन्य सदस्य मैहर दर्शन करने के लिए गए हुए थे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। मामले में मर्ग कायम करके जांच की जा रही है।

हीटर कितने तरह के होते हैं ?

अंगीठी- यह एक ट्रैडीशनल हीटर है, जिसे मिट्टी में लोहे की रॉड लगाकर बनाया जाता है। आजकल मिट्टी की जगह लोहे की अंगीठी भी लोग घरों में इस्तेमाल करते हैं। इसमें कोयला या लकड़ी जलाकर घर को गर्म रखा जाता है।

फैन हीटर- इसमें हीटिंग के कन्वेक्शन मोड का इस्तेमाल किया जाता है। फैन हीटर की मदद से काफी तेजी से कमरे को गर्म किया जा सकता है। इसमें हीटर गर्म हवा फेंकता है।

क्वार्ट्ज हीटर- ये हीटर रेडिएशन टेक्नोलॉजी से कमरे को गर्म करता है। छोटे कमरों को गर्म रखने के लिए यह एक अच्छा ऑप्शन है।

ऑयल फिल्ड रूम हीटर- इस हीटर में ऑयल भरा होता है। इस ऑयल के गर्म होने के बाद यह फ्लो करता है और रूम को गर्म रखता है। यह हीटर धीरे-धीरे कमरे को गर्म करता है। इससे कमरा लंबे समय तक गर्म रहता है।

रेडिएंट हीटर- इस हीटर से निकलने वाली रेज की मदद से कमरे में मौजूद चीजें गर्म होती हैं। इसके करीब बैठने वाले लोगों को यह सबसे पहले गर्म करता है।

इलैक्ट्रिक हॉट जेल बैग- कई लोग सर्दियों में गर्माहट के लिए इलेक्ट्रिक हॉट जेल बैग का इस्तेमाल करते हैं। यह एक स्क्वायर शेप का बैग होता है, जिसमें लिक्विड भरा होता है। इसके प्लग को बिजली से कनेक्ट करने के बाद यह लिक्विड गर्म हो जाता है।