सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत खजूरी में मुर्रा बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesसरगुजा जिले के ग्राम पंचायत खजूरी में मुर्रा बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते मुर्रा बनाने का सामान और घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।

घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, ग्राम खजूरी में एक मकान किराए पर लेकर पत्थलगांव, रायगढ़ निवासी जगन्नाथ राम मुर्रा फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे। फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर मुर्रा बनाया जाता था। जगन्नाथ राम ने फैक्ट्री के बगल में अपना घर भी बनाया है। फैक्ट्री में स्थानीय ग्रामीण काम करते थे।

सिलेंडर विस्फोट से लगी आग

बताया गया है कि रविवार शाम करीब 4 बजे मुर्रा फैक्ट्री में रखे सिलेंडर में लीकेज हो गया, जिससे आग लगी और एक सिलेंडर फट गया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।आग लगने की सूचना पर अंबिकापुर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

कोई जनहानि नहीं

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में मुर्रा बनाने के लिए किराए पर लिया गया मकान और उसमें रखा सारा सामान पूरी तरह जल गया। इस घटना में संचालक को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा मुर्रा, कच्चा माल, मशीनें और घरेलू उपयोग का अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। दरिमा पुलिस मामले की जांच में जुटी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।