कांकेर जिले के हल्बा चौकी अंतर्गत ग्राम देवीनवागांव में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले के हल्बा चौकी अंतर्गत ग्राम देवीनवागांव में हुई एक हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गंगरेल बांध के डुबान क्षेत्र में डंप किए गए शव को खोजने में 40 मछुआरों ने लगातार पांच दिनों तक खोजबीन की। उनके इस सहयोग के लिए हल्बा चौकी प्रभारी ने उन्हें सम्मानित किया।

यह घटना 18 जनवरी, 2026 को हुई थी। मृतक मोहरगंज शोरी की हत्या चार आरोपियों और चार नाबालिगों ने मिलकर की थी। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और लाठी-डंडों से मारपीट कर मोहरगंज की जान ले ली थी। सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को पत्थर बांधकर गंगरेल बांध के गहरे डुबान में फेंक दिया गया था।

पांच दिनों तक खोजबीन के बाद मिला शव

मृतक मोहरगंज शोरी के शव की तलाश में ग्राम देवीनवागांव, बारगरी, कोसमी, मुस्केरा और बिरनपुर के मछुआरों ने अथक प्रयास किए। उन्होंने लगातार पांच दिनों तक खोजबीन कर पुलिस टीम को विशेष सहयोग प्रदान किया, जिससे शव बरामद किया जा सका।

पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा के आदेशानुसार, चौकी हल्बा प्रभारी कोमल भूषण पटेल ने 26 जनवरी, 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर इन 40 मछुआरों को सम्मानित किया। उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।