छत्तीसगढ़ में मौसम ड्राई बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह सबसे ठंडा इलाका रहा।
अन्य जिलों की बात करें तो बिलासपुर में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 16 डिग्री, दुर्ग में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 13.6 डिग्री, जबकि जगदलपुर में अधिकतम 30.2 और न्यूनतम 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार 1 फरवरी को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध छाने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
अगले 3 दिनों में मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं।