खाली प्लॉट में बोरिंग..हाईप्रेशर में फटी घर की जमीन VIDEO

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाईप्रेशर के चलते अचानक बोरिंग लाइन फट गई। पास के एक खाली प्लॉट में नई बोरिंग चल रही थी। उस दौरान जमीन के अंदर ज्यादा प्रेशर बनने से पड़ोसी के मकान की पुरानी बोरिंग लाइन फट गई। जिससे फर्श की टाइल्स उखड़ गईं। मकान की छत में दरारें आ गईं।

यह घटना 29 जनवरी को घुरु-अमेरी मार्ग के पास उस्लापुर स्थित गोकुलधाम कॉलोनी शिव मंदिर के नजदीक की बताई जा रही है। घटना का लाइव फूटेज भी सामने आया है। मकान मालिक का कहना है कि, यहां बिना अनुमति और बिना भू-तकनीकी सर्वे के पुलिसकर्मी बोरिंग का काम करवा रहा था, जो बेहद खतरनाक साबित हुआ।

अचानक रफ्तार में उखड़ने लगा फर्श

वीडियो में दिख रहा है कि, तेज दबाव के साथ पानी मकान की पार्किंग के फर्श और टाइल्स को तोड़ता हुए बाहर निकला। जिससे पार्किंग की टाइल्स उखड़ गईं। तेज रफ्तार से पानी का फव्वारा फूटने से मकान की छत में दरारें आ गईं, पंखा टूट गया। कुछ ही पलों में घर के अंदर पानी भर गया।

राहत की बात यह रही कि, मकान मालिक विशाल शर्मा घटना के समय घर में मौजूद होने के बावजूद बाल-बाल बच गए। किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

अवैध बोर खनन का आरोप

मकान मालिक विशाल शर्मा का आरोप है कि, पड़ोस के खाली प्लॉट में बिना तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों के बोर खनन किया जा रहा था। यह काम यातायात पुलिसकर्मी करवा रहा था। हादसे के बाद नुकसान की भरपाई करने से इनकार किया गया। उल्टा उन्हें धमकाया भी जा रहा है।