रायपुर की साप्ताहिक बाजार में उठाईगिरी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायपुर की साप्ताहिक बाजार में उठाईगिरी का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों ने मिलकर आलू प्याज कारोबारी को बातों में उलझाया, फिर उसकी दुकान में रखे पैसे लेकर फरार हो गए। कारोबारी ने मामले की शिकायत धरसींवा थाने में की है।

कारोबारी कार्तिक राम धीवर ने पुलिस को बताया कि, 31 जनवरी को तरपोंगी स्थित साप्ताहिक बाजार में आलू प्याज बेचने के लिए गया था। शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच दो युवक आलू-प्याज खरीदने पहुंचे और उसे लगातार बातचीत में उलझाए रखा।

थैला लेकर भागा युवक

इसी दौरान पीछे से एक तीसरा युवक आया और पैसे रखने वाला विमल गुटखा का थैला झपटकर भाग गया। झपटमारी होते ही सामने खड़े दोनों युवक भी उसी के पीछे भागते नजर आए। कारोबारी ने पीछा किया, लेकिन तीनों युवक बाजार की भीड़ का फायदा उठाकर दूर खड़ी स्कूटी में बैठकर फरार हो गए।

कारोबारी के अनुसार थैले में 24 हजार रुपए था। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की शिनाख्त

धरसींवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगालकर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।